पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नयार घाटी को पर्यटन और साहसिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पोखड़ा, बीरोंखाल, एकेश्वर और पाबौ विकासखंडों में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों को स्वीकृति देने की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरित की और महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, जिपलाइन और अन्य साहसिक गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पौड़ी जिले के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। इनमें श्रीनगर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण, कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, गढ़िया गांव में एनसीसी अकादमी और मालन नदी पर पुल निर्माण कार्य शामिल हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नयार वैली फेस्टिवल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि यह आयोजन पौड़ी जिले की पर्यटन पहचान को मजबूत करेगा और भविष्य में इसे नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।






















