हरिद्वार
02 अक्टूबर 2026। इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखण्ड के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) नरेश चौधरी को पुलिस विभाग को दिए गए सक्रिय सहयोग, उत्कृष्ट सेवाओं एवं सराहनीय संचालन के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस एवं वाहिनी की अंतरजनपदीय 15वीं क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक (क्राइम एवं ट्रैफिक) निशा यादव ने प्रो. (डॉ.) नरेश चौधरी को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जब भी डॉ. नरेश चौधरी से सहयोग का अनुरोध किया गया, उन्होंने सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हुए समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया। उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाता रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी डॉ. नरेश चौधरी को सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी का व्यक्तित्व उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक है। वे समाजसेवा के साथ-साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सक्रिय सहयोगी के रूप में निरंतर योगदान दे रहे हैं।
40वीं बटालियन के उप सेनानायक जे.आर. जोशी ने भी डॉ. नरेश चौधरी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी जाती है, वे पूर्ण कर्मठता, अनुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ उसका निर्वहन करते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. (डॉ.) नरेश चौधरी ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक हैं और उन्हें समाज एवं प्रशासन के प्रति और अधिक ऊर्जा तथा समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि विभिन्न मंचों पर प्राप्त होने वाले सम्मान उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि सम्मान के बाद मिलने वाली शुभकामनाएं और बधाइयां उन्हें निरंतर सक्रिय सहभागिता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर दीपक सिंह, सीओ विपेन्द्र सिंह, शिशुपाल नेगी, आरआई प्रवीण कपिल आलोक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. नरेश चौधरी को सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।























