दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ
एनसीआर में यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। फिलहाल इस कॉरिडोर का लगभग 55 किलोमीटर का हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चालू है, जिसमें दिल्ली मेट्रो के तीन प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन — गाजियाबाद, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर शामिल हैं।
पूरा 82.15 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर शुरू होने के बाद इसमें एक और नया मेट्रो इंटरचेंज जोड़ा जाएगा। यह चौथा इंटरचेंज स्टेशन सराय काले खां होगा। इसके साथ ही नमो भारत कॉरिडोर पर दिल्ली मेट्रो से जुड़ने वाले कुल चार प्रमुख केंद्र बन जाएंगे —
गाजियाबाद, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां।
पूरे कॉरिडोर का शुभारंभ जल्द
पूरे नमो भारत कॉरिडोर के पूरा होने पर यात्रियों को तेज़ और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। इस दौरान
-
न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच लगभग 5 किलोमीटर का नया सेक्शन
-
मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच लगभग 21 किलोमीटर का सेक्शन
यात्रियों के लिए खोला जाएगा। 
सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन होगा और इसे एक प्रमुख मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां से यात्री हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, आईएसबीटी और रिंग रोड से आसानी से जुड़ सकेंगे।
इसके अलावा मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इस चरण में चालू किए जाएंगे।
नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के लिए एक ही टिकट
यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के बीच इंटीग्रेटेड क्यूआर टिकट सिस्टम लागू किया जा रहा है। अब यात्री NCRTC या DMRC के मोबाइल ऐप से दोनों सेवाओं के टिकट एक ही जगह बुक कर सकेंगे। इससे बार-बार टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
भारतीय रेलवे से भी जुड़ी डिजिटल सुविधा
नमो भारत सेवा को भारतीय रेलवे से जोड़ने के लिए एक और डिजिटल सुविधा शुरू की गई है। अब यात्री नमो भारत ऐप से सीधे रेलवे टिकट बुक कर सकते हैं। वहीं, यदि कोई यात्री आईआरसीटीसी ऐप पर दिल्ली तक का ट्रेन टिकट बुक करता है, तो वह उसी ऐप से नमो भारत का टिकट भी ले सकता है। इससे ट्रेन और नमो भारत के बीच यात्रा पूरी तरह जुड़ जाएगी और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।




















