देहरादून। सावन का पावन महीना, चारधाम यात्रा के साथ ही देवभूमि में इन दिनों कांवड़ यात्रा की धूम है। भक्तिमय महौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। मानसून की बारिश के बीच भी चारधामों में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री में हर दिन भक्त दर्शन कर रहे हैं। हर बीतते दिन के साथ चारधाम में तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में अब तक 11.68 लाख तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं, हालांकि, बरसात के मौसम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या आधी हो गई है। उन्होंने बताया मौसम की दुश्वारियों को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए तमाम तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। केदारनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। अभी तक 11,13,245 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। 5 जुलाई को केदारनाथ में 5,145 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। भू बैकुंठ धाम से प्रसिद्ध बदरीनाथ में अभी तक 10,30,870 श्रद्धालु बदरी विशाल के दर पर पहुंच चुके हैं। 5 जुलाई को 6,554 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में मत्था टेका।
22 अप्रैल से चारधाम यात्रा की शुरूआत हुई थी। सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गये थे। जिसके बाा केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को आम श्रद्धालुओं के लिए खुले। उसके बाद बदरीनाथ धाम के कपाट खुले। कपाट खुलने के बाद से ही हजारों की संख्या में हर दिन श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर रहे हैं। चारधाम यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं के रहने और खाने की उचित व्यवस्था की गई है। मौसम को देखते हुए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा पड़ावों पर यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रा मार्ग में जगह-जगह रेन शेल्टर बनाये गये हैं।