उत्तराखंड भाजपा संगठन में भी परिवारवाद के चलते कई नेता अहम पदों पर काबिज हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत के बेटे शंशाक रावत को उत्तराखंड भाजयुमो का अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत मौजूद समय में संगठन में प्रदेश प्रवक्ता हैं। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे उमेश अग्रवाल के बेटे सिद्धार्थ अग्रवाल को देहरादून महानगर का अध्यक्ष बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बेटी नेहा जोशी वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
भाजपा के परिवारवाद पर कांग्रेस का तंज
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरादास जोशी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। भाजपा केवल दिखाने के लिए परिवारवाद की बात करती है, लेकिन पूरी भाजपा परिवारवाद पर चल रही है। अमित शाह से लेकर चंदनराम दास तक परिवारवाद के सहारे जी रहे हैं। भाजपा परिवारवाद में डूबी हुई है, जबकि आरोप दूसरों पर लगाती हैं। ऐसे में भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, उसके बाद कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाना चाहिए। भाजपा की सफाईः भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन का कहना है कि कांग्रेस पहले अपने बारे में सोचे, क्योंकि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो गई है कि उनको अपनी पार्टी से उम्मीदवार नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी में हाल ही में शामिल नेता को उम्मीदवार बना दिया। जबकि पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ता को ही टिकट दिया है।