देहरादून
देहरादून के आईएसबीटी चौक पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की जान चली गई। ईंटों से लदे एक ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11:40 बजे की है। मृतक की पहचान महावीर सिंह के रूप में हुई है, जो पटाखा फैक्ट्री में काम करते थे। वह किसी काम से साइकिल से कारगी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आईएसबीटी की तरफ से आ रहा ईंटों से भरा ट्रक जब हरिद्वार बाइपास की ओर मुड़ा, तो उसने साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद महावीर सिंह ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर ब्राह्मणवाला की दिशा में फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके मालिक को चौकी बुलाया है और चालक की पहचान व तलाश के लिए पूछताछ की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एक ही जगह पर बार-बार हादसे
गौरतलब है कि आईएसबीटी चौक पर यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी इसी स्थान पर एक रोडवेज बस की चपेट में आने से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने यहां की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात डायवर्जन के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। बड़े वाहनों को मोड़ लेते समय आसपास चल रहे लोगों और छोटे वाहनों का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





















