शवदाह गृह बनाने वाली कंपनी का ठेका निरस्त…

0
24
शवदाह गृह बनाने वाली कंपनी का ठेका निरस्त...

हल्द्वानी। रानीबाग चित्रशिला घाट में विद्युत व परंपरागत शवदाह गृह बनाने वाली कंपनी का ठेका निरस्त कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन ने कार्य संतोषजनक न पाये जाने पर यह कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने कंपनी के साथ किये गये अनुबंध को खत्म करते हुए शेष कार्य शीघ्र कराने की जानकारी दी है।
गौरतलब है कि रानीबाग में नदी तल से कुछ दूरी पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण व शुद्धिकरण के मद्देनजर विद्युत शवदाह  (इलेक्ट्रिक क्रीमेटोरियम कुम परंपरागत शवदाह गृह) का निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम ने इसके निर्माण का जिम्मा वापकोस कंपनी को सौंपा था। पहले चरण में कोरोना के कारण कार्य प्रभावित रहा। इस बीच कंपनी के अनुरोध पर तीन बार कार्य अवधि बढ़ाई गई। पर्याप्त समय प्रदान करने व प्रस्तुत बिलों के भुगतान के बावजूद कंपनी ने कार्य पूरा नहीं किया है। हरेला पर्व पर मेयर जोगेंद्र रौतेला ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। इस दौरान काम  मानक अनुरूप नहीं पाया गया और न ही संतोषजनक। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर रौतेला ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस पर निगम के सहायक व अवर अभियंता से रिपोर्ट प्राप्त की गई। निगम प्रशासन ने रिपोर्ट के अनुसार कंपनी का अवधि विस्तार का प्रार्थना पत्र निरस्त करते हुए अनुबंध समाप्त कर दिया है। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय के अनुसार सिविल व इलेक्ट्रिक कार्यों का परीक्षण कर अवशेष कार्य शीघ्र पूरे कराये जाएंगे।