बदायूँ:
जिले में ट्रैफिक पुलिस के एक टीएसआई का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में टीएसआई कथित तौर पर एक वाहन चालक से 500 रुपये का नोट लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वसूली चालान के नाम पर की जा रही थी।
होली के त्योहार के दौरान शहर में वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बीच, वाहन चालकों को चालान का डर दिखाकर अवैध वसूली किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में खरीदारी करने आए लोगों और ग्रामीण इलाकों से आए वाहन चालकों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिनभर में हजारों रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मामले के सामने आने के बाद नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने उच्च अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




















