उत्तरकाशी किसानों, ग्रामीणों और छोटे कारोबारियों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर रहेगा फोकस
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की नई प्रबंध समिति के गठन में भाजपा समर्थित पैनल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। शारदा असवाल राणा को बैंक का अध्यक्ष, जबकि हरिमोहन सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उत्तरकाशी मंगलवार को अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शारदा राणा ने प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ बैंक परिसर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। निर्धारित चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे शारदा राणा को अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अध्यक्ष बनने के बाद शारदा राणा ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा प्रदेश और जिला संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करना और बैंकिंग सेवाओं का लाभ जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उत्तरकाशी राणा ने कहा कि किसानों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों को सहकारी बैंक की योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ बैंक को जनहित में आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
उन्होंने सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिए कृषि, स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सकता है। बैंक की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
उत्तरकाशी निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरत राम नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण और मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा राणा को बधाई दी।
वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा ने कहा कि सहकारी बैंक के माध्यम से किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीणों को बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उपाध्यक्ष निर्वाचित हरिमोहन सिंह ने भी बैंक की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास की बात कही।
इस चुनाव में विजय सिंह संतरी, दिनेश लाल, मनोरमा, जगमोहन सिंह रावत, जगमोहन सिंह, पूर्णिमा देवी रामला, बलवीर सिंह, रमिता, सुनीता, जगदीश प्रसाद और दशरथी को भी निर्विरोध संचालक चुना गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, परशुराम जगूड़ी, जिला उपाध्यक्ष हरीश डंगवाल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















