हर की पौड़ी पर हुई धारावाहिक ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी शुक्रवार को एक धारावाहिक की शूटिंग का केंद्र बनी। यहां ‘भक्तिद्वार’ मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के आगामी धारावाहिक ‘कर्मों का फल’ के दृश्यों की शूटिंग की गई। इस दौरान प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा भी हरिद्वार पहुंचे।
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, धारावाहिक के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की योजना है। मां गंगा के पावन तट और हर की पौड़ी की आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में की गई शूटिंग के जरिए प्रदेश की धार्मिक और तीर्थ परंपराओं को दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है।
‘भक्तिद्वार’ मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की इस पहल के तहत उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों, तीर्थ क्षेत्रों, गढ़वाली-कुमाऊंनी लोक संस्कृति, संगीत और पारंपरिक उत्सवों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की परिकल्पना की गई है।
आधिकारिक जानकारी में यह भी बताया गया है कि इस पहल के जरिए प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, गायकों, तकनीकी टीम और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
हरिद्वार में धारावाहिक की शूटिंग को उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है। इससे दर्शकों को प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों, धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिल सकता है।




















