नई दिल्ली, 3 फरवरी 2026।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में आज पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित दादा पवार के निधन पर शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य श्री प्रफुल्ल पटेल, राष्ट्र महासचिव श्री बृजमोहन श्रीवास्तव, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री विरेंद्र सिंह, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मनीष सब्रवाल तथा दिल्ली प्रदेश सचिव श्री अभिषेक चंदेल ने किया।
शोकसभा के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अजित दादा पवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र व संगठन के लिए उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर श्री अभिषेक चंदेल ने कहा कि अजित दादा पवार का राजनीतिक जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने हमेशा पार्टी को मजबूत करने और आम जनता की आवाज़ को बुलंद करने का कार्य किया। उनका मार्गदर्शन, विचारधारा और दिल्ली के लिए दिया गया मिशन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




















