केदारनाथ
रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी बर्फ की मोटी परत से ढक गई है। चारों ओर फैली सफेदी के बीच धाम का दृश्य बेहद शांत, सुंदर और आध्यात्मिक वातावरण प्रस्तुत कर रहा है। यह नजारा श्रद्धा और प्रकृति के अद्भुत मेल को दर्शाता है।
कठोर मौसम और शून्य से नीचे गिरते तापमान के बावजूद, उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। भारी बर्फबारी के बीच भी जवान लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद जवानों का उत्साह और जज्बा सराहनीय है। वे अपने बैरकों और आसपास जमी बर्फ को खुद हटाकर कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कर रहे हैं।
धाम में तैनात सुरक्षा बल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मौसम से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। भारी बर्फबारी के दौरान भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि धाम की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए।





















