हरिद्वार प्रेस क्लब
हरिद्वार, 1 मार्च। हरिद्वार प्रेस क्लब में रविवार को होली मिलन समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुरानी कचहरी परिसर में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवशंकर जायसवाल, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी और डॉ. रजनीकांत शुक्ल के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा और ओपी चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थित होकर सभी को होली की बधाई दी।
समारोह के दौरान होली से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शांतिकुंज के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
पत्रकारों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर फूलों की होली खेली और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का प्रतीक है और यह पर्व एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी को मिलजुलकर प्रयास करना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहता है और सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियां समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों को उपहार वितरित किए गए और सभी ने पारंपरिक होली व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य अतिथि मौजूद रहे।






















