नई दिल्ली।
राष्ट्रहित में समर्पित सामाजिक संगठन हिन्द सेना द्वारा 14 फरवरी को पूरे देश में देशभक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सदस्य, केंद्रीय मंत्रालय भारत सरकार श्री मंगेश वैद्य के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।
हिन्द सेना युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय प्रतिनिधि एवं दिल्ली कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष श्री कुमार विशाल ने बताया कि यह कार्यक्रम पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हैं। 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवान शहीद हुए थे। यह हमला पूरे देश के लिए गहरा आघात था और आज भी उनके बलिदान को देश श्रद्धापूर्वक याद करता है।
कुमार विशाल ने कहा कि वेलेंटाइन डे जैसी विदेशी संस्कृति अपनाने के बजाय युवाओं को अपने देश, उसके वीर जवानों और शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करना चाहिए। इसी उद्देश्य से हिन्द सेना देशभर में सुबह 10 बजे से शाम तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इन कार्यक्रमों में तिरंगा रैलियां, नुक्कड़ नाटक, देशभक्ति गीत-संगीत, शहीदों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, जागरूकता सभाएं तथा शहीद परिवारों के सम्मान में दीप प्रज्वलन जैसे आयोजन शामिल होंगे। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के प्रमुख शहरों, कस्बों और गांवों में संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि यह अभियान सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को देशभक्ति के संदेश से जोड़ा जा सके। संगठन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कुमार विशाल ने आम जनता, युवाओं, महिलाओं और छात्रों से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
उन्होंने कहा, “आइए, हम सब मिलकर शहीदों के बलिदान को याद करें और देशभक्ति का संदेश हर घर तक पहुँचाएं।”




















