तरुण कुमार हत्याकांड के विरोध में बिसौली में उमड़ा जनसैलाब, अंबेडकर जस्टिस पार्टी ने निकाली विशाल पदयात्रा
बिसौली (बदायूं)
दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण कुमार हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को बिसौली में भारी आक्रोश देखने को मिला। अंबेडकर जस्टिस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में एक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
पदयात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई तहसील परिसर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार वाल्मीकि ने कहा कि तरुण कुमार की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि मानवता और कानून व्यवस्था पर सीधा हमला है। जब तक दोषियों को फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें:
मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाए।
दोषियों को मृत्युदंड या कठोरतम आजीवन कारावास दिया जाए।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
सांप्रदायिक और हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया जाए।
इस पदयात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष शीतल, जिला महासचिव सुनील, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मवीर वाल्मीकि, अंबेडकर जस्टिस आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष बबलू वाल्मीकि (पूर्व प्रधान), सुनील श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष अनमोल वाल्मीकि, समाजसेवी सनी वाल्मीकि, शिवम, सागर, रामफल, विपिन, मनीष और रंजीत वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बदायूं से





















