रुद्रप्रयाग, 11 मार्च 2026।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सात मार्च को एक होटल में मिली युवती की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका के लिव-इन पार्टनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, सात मार्च की रात करीब आठ बजे रुद्रप्रयाग कोतवाली को गैलेक्सी होटल से सूचना मिली कि एक कमरे में ठहरी युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
जांच में सामने आया कि युवती छह मार्च की रात अपने लिव-इन पार्टनर और उसके एक दोस्त के साथ होटल में ठहरी थी। सात मार्च को दोनों युवक यह कहकर होटल से बाहर चले गए कि वे जल्द लौटेंगे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आए। इस पर होटल संचालक को संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि युवती और दोनों युवक हरियाणा के निवासी हैं। मृतका के परिजनों से संपर्क किया गया और आठ मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे परिजनों ने युवती की पहचान काजल (लगभग 30 वर्ष), निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के भाई अकबर की तहरीर पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 10 मार्च 2026 की शाम दोनों आरोपियों को हरियाणा के चीका थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। चार मार्च को वह काजल और अपने दोस्त अक्षय के साथ घूमने निकला था। अंबाला और हरिद्वार होते हुए वे छह मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में ठहर गए।
सात मार्च की सुबह किसी बात को लेकर काजल और अरुण के बीच विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि अक्षय ने पहले उसका गला दबाया और बाद में उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी होटल के कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा के चीका थाना क्षेत्र में पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। जनवरी 2026 में उन्हें स्नैचिंग के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 17, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा) और अक्षय (23 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 3 जाटों का मोहल्ला, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा) शामिल हैं।






















