अग्निवीर जवान दीपक सिंह
चंपावत: जिले के खरही गांव के अग्निवीर जवान दीपक सिंह (23) की जम्मू–कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिवार गहरे सदमे में है।
दीपक सिंह दो वर्ष पहले अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनकी तैनाती पुंछ जिले की मेंढर तहसील में सेना की अग्रिम चौकी पर की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार दीपक हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे और खरही मेले में भी शामिल हुए थे। करीब दस दिन पहले ही वह फिर से ड्यूटी पर लौटे थे।
सेना के सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे चौकी पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी जवान मौके पर पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत चिकित्सा शिविर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत के कारणों की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। जांच जारी है कि यह आत्महत्या का मामला है या हादसावश गोली चली।
दीपक सिंह चार भाई–बहनों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार जल्द ही उनकी शादी की तैयारी कर रहा था। दुखद खबर मिलते ही मां तारी देवी और पिता शिवराज सिंह का रो–रोकर बुरा हाल है। पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, शव के सोमवार तक पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। रीठासाहिब के थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने बताया कि शव के पहुंचने का समय फिलहाल तय नहीं है, लेकिन सेना की जांच प्रक्रिया जारी है।]





















