राजस्थान
कोटा (राजस्थान): सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और 25 अन्य कांग्रेस सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाले युवक को कोटा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपी को बोरखेड़ा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान राज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से ही उद्यान नगर थाने में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में आरोपी ने संसद सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लेकर कथित रूप से हुए विवाद का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसदों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और धमकी दी थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आरोपी के किसी भी संगठन से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति भाजपा से किसी भी प्रकार से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इस तरह की भाषा व धमकियों से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।
वहीं श्री राजपूत करनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने भी आरोपी से संगठन का कोई संबंध होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि करनी सेना विरोध और प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से करती है और किसी के जीवन को नुकसान पहुंचाने की धमकी देना संगठन की विचारधारा नहीं है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी देने के पीछे के मकसदों की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।





















