देहरादून : विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कल्याणपुर इलाके में बुधवार सुबह एक घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने की घटना सामने आई। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने एक घर से गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने खिड़की की जाली हटाकर प्रवेश किया। अंदर एक पुरुष मृत अवस्था में मिला, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
विकासनगर क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 10:15 बजे घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गोली घर के भीतर चली थी। घायल महिला किराए के मकान में रहती है और उसके परिजनों के साथ-साथ पति को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक व्यक्ति की पहचान और महिला से उसके संबंधों की पुष्टि की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
देहरादून





















