रुद्रप्रयाग। जनपद की ऊखीमठ तहसील अंतर्गत मनसूना मुख्य बाजार में गुरुवार को नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने ऊखीमठ ग्रामीण बैंक के समीप पुलिया के नीचे नदी में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
रुद्रप्रयाग जानकारी के अनुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को स्थानीय निवासी भगत सिंह ने नदी में शव दिखाई देने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के निर्देश पर जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ), तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची डीडीआरएफ टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
रुद्रप्रयाग फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किसी दुर्घटना का परिणाम है, शव नदी में बहकर आया है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




















