बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी की तेज धारा में बह गए आठ वर्षीय बालक का शव घटना के पांच दिन बाद बरामद कर लिया गया। संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान के दौरान शुक्रवार को असौं गांव के समीप कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के सामने नदी से शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
बागेश्वर जानकारी के अनुसार कपकोट तहसील के लाहुर गांव निवासी आठ वर्षीय राकेश सिंह 20 जुलाई को अपनी मां कमला देवी के साथ शिवालय स्थित शिव मंदिर दर्शन के लिए गया था। इसी दौरान नदी के किनारे पानी भरते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते सरयू नदी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन की मदद से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार कई दिनों तक नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश अभियान चलाया गया।
बागेश्वर शुक्रवार को संयुक्त टीम को असौं गांव के निकट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के सामने नदी में बालक का शव मिला। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलस्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।




















