देहरादून।ऋषिकेश स्थित एम्स आवासीय परिसर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, कई पहचान संबंधी दस्तावेज, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि एम्स आवासीय परिसर निवासी रविंद्र तिवारी ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके बंद आवास का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
देहरादून घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने काली माता मंदिर, सात मोड़, देहरादून रोड, ऋषिकेश के पास से आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी मंडलपु शिवा अंजनेयुलू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, तीन आधार कार्ड, एक पेचकस तथा अन्य सामान बरामद किया गया।
देहरादून पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि बरामद आभूषणों में ऋषिकेश एम्स आवासीय परिसर और गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में हुई अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित सामान भी शामिल है। पुलिस ने इस संबंध में गुजरात पुलिस से संपर्क किया, जहां सत्यापन के दौरान राजकोट के प्रधुम्ननगर थाने में संबंधित चोरी का मामला दर्ज होना भी सामने आया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी अस्पताल परिसरों में मरीज या तीमारदार बनकर घूमता था और बंद पड़े आवासों की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग नाम और विवरण वाले आधार कार्ड का इस्तेमाल करता था तथा इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर होटल और धर्मशालाओं में ठहरता था।
देहरादून पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके अन्य राज्यों में संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
देहरादून