ठगे गए 4.55 लाख रुपये नकद, लग्जरी वाहन बरामद
हरिद्वार। धार्मिक आस्था, तंत्र-मंत्र और कथित चमत्कारों के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत की गई इस कार्रवाई में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की राशि में से 4.55 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त एक कार तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला मिट्टी का मटका और अन्य पूजा सामग्री बरामद की है।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, बीहती रात सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के समीप स्थित मन्नत ढाबा क्षेत्र में एक महिला और दो पुरुषों ने हरियाणा के सोनीपत निवासी एक व्यक्ति से 4.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फरार होने की कोशिश की है। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस सक्रिय हुई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर सभी पिकेट एवं चेक पोस्टों को सतर्क कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘अघोरा’ नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस प्लेटफॉर्म पर तंत्र-मंत्र, विशेष पूजा और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो साझा कर लोगों का विश्वास जीतने के बाद उन्हें संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाता था।





















