हरिद्वार :- पुलिस से मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में लगी गोली, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागा
हरिद्वार: महिला से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की देर रात हरिद्वार पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार
, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, नगर कोतवाली की टीम बीती रात नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रायवाला-देहरादून मार्ग की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। दोनों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने स्वयं का बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला।
घायल आरोपी को तत्काल सिविल मेला अस्पताल, हरिद्वार में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
28 जून की हत्या के मामले में थे वांछित
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 28 जून को दर्ज महिला की कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित थे। उस दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला की हत्या के संबंध में स्वयं वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से जानकारी मिली कि घटना वाले दिन दो युवक एक महिला को चंडी चौक के पास से पैदल गंगा घाट की ओर ले जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 28 जून की सुबह वह और उसका साथी हर की पैड़ी क्षेत्र से एक महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की ओर ले गए थे। पुलिस का दावा है कि वहां झाड़ियों के बीच महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद जब महिला ने पैसे मांगे और पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर गुस्से में आकर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और उसके चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने महिला के मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकालकर नदी में फेंक दिया और मोबाइल अपने पास रख लिया, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।
घायल आरोपी की पहचान
मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिशान पुत्र राशिद, निवासी जिगर कॉलोनी, नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
हरिद्वार




















