हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के चर्चित हैप्पी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात में शामिल बताए जा रहे शूटर मुदस्सिर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी की सरेआम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
देर रात बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
हरिद्वार मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा जंगल क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
हरिद्वार
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी का हाल जाना। वहीं, एसपी सिटी दीपक सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और फरार आरोपी की तलाश में अभियान जारी रखा।




















