देहरादून
दो साल से गोकशी के मामले में चल रहा था वांछित, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे संदिग्धों की धरपकड़ अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है और प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गोकशी की एक घटना के मामले में पिछले करीब दो वर्षों से वांछित था। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस अभियान चला रही है।
देहरादून। पुलिस के अनुसार, देर रात दरू चौक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार तेजी से वाहन दौड़ाते हुए चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा किया और आसपास के थानों को भी संदिग्धों के संबंध में सूचना दी।
पीछा किए जाने पर दोनों संदिग्ध पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़कर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम जब उनके पीछे पहुंची तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस के सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।
घायल आरोपी की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर, हाल निवासी आजाद कॉलोनी, अलावलपुर रोड, छुटमलपुर, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है। फरार आरोपी की पहचान नवाब निवासी सहारनपुर के रूप में की गई है।
देहरादून। पुलिस ने मौके से रईस के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा सड़क किनारे छोड़ी गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कथित तौर पर गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले एक कुल्हाड़ी, एक चापड़, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी सहारनपुर का गैंगस्टर है और प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो वर्ष पूर्व हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहा था। पुलिस पर कथित जानलेवा हमले के संबंध में प्रेमनगर कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





















