रुड़की, 26 अगस्त। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक महिलाओं के सगे भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान एक व्यक्ति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की मध्यरात्रि गणेशपुर, रुड़की निवासी अर्जुन सिंह की शिकायत पर कोतवाली गंगनहर में हत्या और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर अपनी बहन और एक अन्य महिला की हत्या कर दी, जबकि गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
रुड़की पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार को चूड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला-भगवानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, छह खोखे और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और चरित्र पर संदेह को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वारदात के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार।
बरामदगी
– 315 बोर का तमंचा — 01
– खोखा कारतूस — 06
– घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल — 01
रुड़की पुलिस टीम
कार्रवाई में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 दीप कुमार, उपनिरीक्षक सन्तोष सेमवाल, नवीन कुमार, ब्रहमदत्त बिजलवाण, पंकज कुमार, हरीश गैरोला, अ0उ0नि0 मनीष कवि, अ0उ0नि0 कान्ता प्रसाद सहित पुलिसकर्मी प्रीतम सिंह, रणवीर सिंह, अजय बिष्ट और फरीद शामिल रहे।
सीआईयू रुड़की टीम
अ0उ0नि0 अश्वनी यादव, कांस्टेबल आशीष शर्मा, अजय काला, रविन्द्र खत्री और महीपाल ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।




















