एवरेस्ट बेस कैंप के पास दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर
नेपाल। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया। एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले मार्ग पर स्थित फेरेचे में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय मूल के नागरिक समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
नेपाल पुलिस के अधिकारी मौसम तमांग के अनुसार, दुर्घटना सोलुखुम्बु जिले की खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर चार में हुई। मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई।
हादसे में भारतीय नागरिक की मौत
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। हादसे में भारतीय मूल के 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए हैं, जो न्यूजीलैंड के निवासी बताए गए हैं।
घायल शैलेश कृष्ण पटेल को प्रभु हेलीकॉप्टर की सहायता से एयरलिफ्ट कर काठमांडू स्थित मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दुर्घटना में घायल दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट रवींद्र प्रजापति और प्रज्वल केसी को भी उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
लुकला अस्पताल भेजा गया मृतक का शव
नेपाल पुलिस के अनुसार, मृतक वसंत कुमार बलरामरामाडु का शव लुकला स्थित अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फेरेचे काठमांडू से करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है और माउंट एवरेस्ट बेस कैंप की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग में पड़ता है। पुलिस घटना से संबंधित अन्य जानकारियां जुटा रही है।
पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
एवरेस्ट क्षेत्र में पर्वतारोहियों और उनके सामान के परिवहन के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में लैंडिंग के दौरान हुई यह दुर्घटना पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई परिवहन की सुरक्षा और हेलीकॉप्टर संचालन से जुड़ी सावधानियों को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े करती है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों और दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की कुल संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।





















