देहरादून। दहेज मृत्यु के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए देहरादून पुलिस ने मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 29 जुलाई को श्रीकोट, श्रीनगर (जनपद पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी, जिसका विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला, देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुआ था, विवाह के बाद से ही कथित रूप से दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित की जा रही थी।
देहरादून शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतका की मां द्वारा एक वीडियो उपलब्ध कराया गया, जिसे कथित रूप से घटना से पहले मृतका ने भेजा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
प्रारंभिक जांच और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार सुबह नामजद आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
देहरादून पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य आरोपों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।