रुद्रपुर। तीन दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने किशोर के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के खेड़ा वार्ड-17 निवासी 13 वर्षीय रिजवान 21 जुलाई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी किशोर की तलाश में जुटी हुई थी।
रुद्रपुर शनिवार सुबह झील के समीप स्थित कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे लोगों ने नदी में एक शव तैरता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची रम्पुरा चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान लापता किशोर रिजवान के रूप में हुई।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की पुष्टि की। परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोर के सिर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रुद्रपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि किशोर का शव कल्याणी नदी से बरामद हुआ है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।