हरिद्वार। जनपद के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद दोनों के शव मंदिर परिसर के निकट जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाए जाने की आशंका है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार मंदिर से जुड़े एक सेवादार ने दो साधुओं के अचानक लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को जमीन में दफनाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
हरिद्वार प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का संदेह उन तीन साधुओं पर है, जो घटना से दो दिन पहले मंदिर में ठहरे थे और वारदात के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हैं और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।




















