Oplus_16908288
देहरादून। रायपुर क्षेत्र के रक्षा विहार में शनिवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक इंदिरा मार्केट में कपड़ों की दुकान संचालित करता था। घटना के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने और घटना के साक्ष्य मिटाने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, युवक रात करीब 11 बजे अपने परिचित के कार्यालय में दोस्तों से मिलने पहुंचा था। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई। दोस्त उसे उपचार के लिए श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना देर रात करीब साढ़े 12 बजे मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद घटनास्थल को सील कर दिया।
देहरादून। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके साथ कार्यालय में मारपीट की गई थी। परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद मौके से साक्ष्य हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने तीन नामजद युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरीश, अनस और जावेद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
देहरादून। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की ओर से घटना को लेकर अलग दावा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब सभी पहलुओं, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





















