हरिद्वार, 24 अगस्त 2026। कुंभ मेला 2027 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को सीसीआर सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में कुंभ क्षेत्र से संबंधित 57 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 27 स्थायी एवं अस्थायी योजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के लिए निर्धारित सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में शासन के मानकों और तकनीकी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही कुंभ क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए अवसंरचना, सौंदर्यीकरण और साइनेज कार्यों में एकरूप थीम एवं कलर स्कीम अपनाने पर जोर दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को मंजूरी
हरिद्वार समिति ने संपर्क मार्गों के सुधार, घाटों के निर्माण एवं अनुरक्षण, अस्थायी पैदल पुल, बस अड्डे और पार्किंग स्थल, साइनेज, टेंट सिटी तथा पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों के लिए बैरक सहित विभिन्न कार्यों के प्रस्तावों पर विचार किया।
भूपतवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के अनुरक्षण और उसकी शैय्या क्षमता बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों की मरम्मत एवं सुधार से जुड़े पूर्व स्वीकृत कार्यों की संशोधित लागत के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।
मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि पहले से निर्मित भवनों की ऊपरी मंजिलों पर अतिरिक्त निर्माण से पहले उनकी संरचनात्मक क्षमता और सुरक्षा का तकनीकी परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
हरिद्वार मेलाधिकारी सोनिका ने समिति को कुंभ मेला 2027 के लिए चल रहे निर्माण कार्यों और प्रस्तावित जनसुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सड़क, पार्किंग, बस अड्डों सहित विभिन्न स्थायी और अस्थायी परियोजनाओं की आवश्यकता एवं प्रगति से अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय सिंह, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।





















