हरिद्वार में मनमाना किराया और ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग की सख्ती
हरिद्वार। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच मनमाना किराया वसूलने और वाहनों में ओवरलोडिंग करने वाले चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 45 चालान किए गए।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा निर्धारित किराया व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करना है।
ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा पर विशेष नजर
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि विशेष अभियान के तहत यात्री वाहनों की जांच की जा रही है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी सुश्री वरुणा सैनी ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा की जांच की गई। इस दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, तय किराये से अधिक वसूली करने, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी के मामलों में 45 चालान किए गए।
चालान के साथ वाहन चालकों की काउंसलिंग भी
परिवहन विभाग की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई के साथ उनकी काउंसलिंग भी की। वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या का अनुचित लाभ उठाकर उनसे मनमाना किराया न वसूला जाए।
इसके साथ ही निर्धारित यात्री क्षमता, परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का पालन करने तथा यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई।
अधिक किराया मांगने पर यात्री कहां करें शिकायत?
परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई ऑटो, विक्रम या ई-रिक्शा चालक निर्धारित किराये से अधिक पैसे मांगता है तो संबंधित वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखें और इसकी शिकायत परिवहन विभाग में दर्ज कराएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में परिवहन विभाग की इस सख्ती से यात्रियों को मनमाने किराये और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत दिलाने की कोशिश की जा रही है।




















