देहरादून:
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे।
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव देहरादून पहुंचे
प्रतिकूल मौसम के कारण उनका हवाई सफर प्रभावित होने के बाद उन्होंने सड़क मार्ग से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की।
राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
यहां उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की तथा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इसके बाद के.सी. वेणुगोपाल ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्यों के साथ संगठनात्मक बैठक की।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के समन्वय को बेहतर करने और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। पार्टी नेतृत्व लगातार संगठन को सक्रिय करने के साथ-साथ जनसंपर्क अभियान पर भी जोर दे रहा है। हाल के दिनों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे और लगातार हो रही संगठनात्मक बैठकों को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व भी विभिन्न जिलों में जनसंपर्क अभियान, पदयात्राओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, विकास और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसमर्थन जुटाने में सक्रिय नजर आ रही है।





















