हरिद्वार, 05 मार्च 2026। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरिद्वार में “कंज्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के तहत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार एवं सेतु फाउंडेशन के सहयोग से तथा कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में भगत सिंह चौक के निकट आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर, हरिद्वार के संजय जैन उपाध्याय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में कंज्यूमर मैन ऑफ इंडिया व कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन अनंत शर्मा, डॉ. एम. सेल्वराज (नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट), डॉ. आर.के. थिरु तथा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने उपस्थित प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं को हमेशा मानकयुक्त और प्रमाणित उत्पादों का ही उपयोग करना चाहिए, ताकि उनकी सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी श्रीमती सरिता त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को BIS की विभिन्न गतिविधियों और उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि BIS Care App के माध्यम से उपभोक्ता आसानी से शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उत्पादों की प्रमाणिकता की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।