हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत करीब तीन महीने बाद रविवार को उत्तराखंड लौटे। उनके प्रदेश में पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे।
इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि वह कुछ परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उत्तराखंड से दूर रहे। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और इस धरती के आशीर्वाद से वह अब वापस लौटे हैं। रामपुर तिराहा से हरिद्वार तक निकाली गई यात्रा को उन्होंने धन्यवाद यात्रा बताया।
हरिद्वार दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर हरीश रावत ने एनएसयूआई के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के छात्र कार्यकर्ताओं ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा और इसके लिए उन्होंने सभी को बधाई दी।
हरिद्वार
इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों के साथ आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की मिमिक्री किए जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि राजनीति और संसदीय लोकतंत्र में इस तरह की अभिव्यक्ति को वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि इसका जवाब भी उसी राजनीतिक तरीके से दिया जाना चाहिए। भाजपा की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा कि जवाब ऐसा होना चाहिए, जिससे राजनीति के अलग-अलग रंग भी जनता के सामने दिखाई दें।




















