पौड़ी सड़क हादसे पर मंत्री मदन कौशिक ने जताया दुख
पौड़ी गढ़वाल/उत्तराखंड। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में सात लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की खबर पर आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पौड़ी में हुई सड़क दुर्घटना बेहद दुखद है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख में सरकार सहभागी है। ऐसी दुर्घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों और घायलों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मदन कौशिक ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी वार्ता कर प्रभावितों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रभावित परिवारों को मदद का भरोसा
मंत्री के बयान के अनुसार, जिला प्रशासन और संबंधित टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। सरकार ने हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
अतुल्य भारत | उत्तराखंड




















