उत्तरकाशी: सयानाचट्टी के पास भूस्खलन के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित सयानाचट्टी क्षेत्र में शनिवार सुबह भारी मलबा और बोल्डर आने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने के कारण कई श्रद्धालु और यात्री दोनों ओर फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। 
एसडीआरएफ के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बड़कोट पोस्ट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में एक टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वहीं जानकीचट्टी पोस्ट से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी मौके पर पहुंची।
उत्तरकाशी: मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि भारी मलबे के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो चुकी थी, जिससे वाहनों और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई थी। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ ने वैकल्पिक मार्ग तैयार किया और सुरक्षा की दृष्टि से रोप (रस्सी) लगाकर नियंत्रित तरीके से रेस्क्यू अभियान संचालित किया।
रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सावधानी के साथ लगभग 100 यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। पूरे अभियान के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई।
उत्तरकाशी: प्रशासन ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने का कार्य संबंधित विभाग द्वारा जारी है और मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।




















