पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि
नई दिल्ली।
14 फ़रवरी 2019 भारतीय इतिहास का वह दुःखद दिवस है, जो जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलवामा के लेथापोरा में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के कारण एक काले अध्याय के रूप में दर्ज है। इस जघन्य हमले में देश की रक्षा में तैनात सीआरपीएफ के वीर जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह हमला केवल निर्दोष जवानों पर नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता पर भी सीधा प्रहार था।
पुलवामा आतंकी हमले की बरसी के अवसर पर आज नेशनलिस्ट यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धीरज शर्मा जी एवं दिल्ली अध्यक्ष श्री हर्ष माधवी जी के नेतृत्व में लाजपत नगर में शहीद अमर जवानों को श्रद्धा, सम्मान और गर्व के साथ नमन किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली उपाध्यक्ष श्री रविंदर मालिया, जम्मू–कश्मीर सेल से श्री इमरान काकरू, दिल्ली सचिव श्री विशाल कुमार, जिला अध्यक्ष श्री भरत भूषण तथा लाजपत नगर अध्यक्ष श्री दीप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियाँ प्रज्ज्वलित कर कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं आतंकवाद के विरुद्ध अडिग संकल्प का प्रतीक रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनका अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा हेतु हम सभी एकजुट होकर प्रत्येक चुनौती का सामना करेंगे।
कार्यक्रम का समापन शहीदों को नमन करते हुए “शहीद अमर रहें”, “भारत माता की जय” एवं “जय हिंद” के उद्घोष के साथ किया गया।





















