बदायूं। छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी दातागंज के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर व्यापक असंतोष व्याप्त है। छात्रों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गंभीर चिंता जताई है।
कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से मांग की कि छात्रों से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि जांच में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी तय होती है तो उनके विरुद्ध संवैधानिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।
ज्ञापन में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की गई।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र एडवोकेट, जिला सचिव गिरिश यादव और जिला महासचिव सत्यम यादव मौजूद रहे।





















