देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार श्रमिक कल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।
गुरूवार को यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए अनेक नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया
इस अवसर पर उन्होंने श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
देहरादून मुख्य सेवक सदन स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें अधिक सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से पंजीकृत श्रमिक परिवारों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना के तहत प्रतिवर्ष 210 विद्यार्थियों को आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।
देहरादून मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान और उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार मानती है। इसी सोच के अनुरूप श्रमिकों और उनके परिवारों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व सहायता तथा बेटियों के विवाह जैसी आवश्यकताओं के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
देहरादून उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव श्रीधर बाबू अघांकी, श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
देहरादून





















