विधानसभा चुनाव 2027: हरिद्वार में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू
हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार जिले में मतदाताओं को ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत शुरू हुआ यह अभियान 16 नवंबर 2026 से संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम के लिए कुल 181 मशीनें चिन्हित की गई हैं। इनमें बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए चिन्हित मशीनों को राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इस प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है।
11 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन
मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।
इसके अलावा जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (MDV) तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ईवीएम एवं वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देंगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक जारी रहेगा अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने तक यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
अभियान की प्रगति पर भी नियमित निगरानी रखी जाएगी। इसके तहत डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले नागरिकों तथा मॉकपोल (दिखावटी मतदान) में भाग लेने वाले लोगों की संख्या की साप्ताहिक या पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले के नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आम मतदाताओं के लिए क्या है खास?
इस अभियान के जरिए हरिद्वार के मतदाताओं को मतदान से पहले ही ईवीएम पर वोट डालने और वीवीपैट के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया समझने का अवसर मिलेगा। मोबाइल वैन के गांवों और मोहल्लों तक पहुंचने से उन लोगों को भी जानकारी मिल सकेगी, जिन्हें मतदान प्रक्रिया को लेकर अभी व्यावहारिक जानकारी नहीं है।




















