Lavc57.107.100

हरिद्वार: भगवानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कंपनी के गोदाम में आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। हालांकि आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित प्रयासों से आग पर समय रहते काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर गांव के समीप स्थित एनटीएल कंपनी के गोदाम में सुबह अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में कूड़ा-कचरा और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। धुएं और लपटों को देखकर आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप मच गया।
हरिद्वार घटना के दौरान आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दी गई।
हरिद्वार सूचना मिलने पर भगवानपुर फायर स्टेशन प्रभारी सत्यपाल सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पूरी तरह आग बुझाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई की।



















