अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग
हरिद्वार, 21 अगस्त। महानगर कांग्रेस कमेटी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति को सार्वजनिक करने की मांग की है
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में न्याय सुनिश्चित होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग उठाती रही है। उन्होंने बताया कि सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए। उनके अनुसार, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
हरिद्वार अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस और अंकिता के परिजनों की लगातार मांग के बाद सरकार ने मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी दी। उनके मुताबिक, जनवरी 2026 में सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद जांच की स्थिति और प्रगति के संबंध में सार्वजनिक रूप से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के परिजनों द्वारा भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं को लेकर लगाए गए आरोपों का सीबीआई जांच में अब तक कोई स्पष्ट उल्लेख सामने नहीं आया है। उन्होंने संबंधित आरोपों की भी निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की।
हरिद्वार अमन गर्ग ने बताया कि हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सीबीआई जांच में कथित देरी की जानकारी दी और न्याय दिलाने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस ने मांग की कि सीबीआई जांच के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों की जानकारी जनता के सामने रखी जाए। साथ ही, मामले से जुड़े सभी आरोपों, आरोपित व्यक्तियों और कथित षड्यंत्र की भूमिका की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित की जाए।
हरिद्वार वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं मुरली मनोहर और संतोष चौहान ने भी अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। वहीं, सीपी सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिद्वार





















