उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है
हरिद्वार। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति केवल उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सत्ता में रहते हुए भी संगठन उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली बना रहना चाहिए, जितना सत्ता से बाहर रहते हुए रहता है। उन्होंने जनसेवा को प्राथमिकता देने और आपसी समन्वय के साथ संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा के संगठन की सराहना करते हुए उसकी तुलना देवदार के विशाल वृक्ष से की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है।”
राजनाथ सिंह के इस संबोधन में पार्टी संगठन को मजबूत बनाए रखने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश प्रमुखता से सामने आया। उनके बयान को उत्तराखंड में भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




















