देहरादून। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कार सवार लोग चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के समीप पहुंचने पर चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी।
देहरादून। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम को कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में दिखाई दी। एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम के जवान खाई में उतरे और कार तक पहुंचकर घायलों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
देहरादून। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. हुमा परवीन ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से चार लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





















