नैनीताल। शनिवार सुबह नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र में एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
नैनीताल जानकारी के अनुसार, गोरखपुर निवासी 25 वर्षीय शिवेंद्र श्रीवास्तव अपने एक्सयूवी वाहन से नैनीताल घूमने आ रहे थे। उनके साथ उनकी 22 वर्षीय बहन निधि श्रीवास्तव तथा राजस्थान, जयपुर और कानपुर निवासी तीन अन्य दोस्त भी वाहन में सवार थे।
बताया गया कि कालाढूंगी मार्ग से नैनीताल की ओर आते समय खुर्पाताल से कुछ ऊपर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। पहले वाहन पहाड़ी की ओर बनी दीवार से टकराया और इसके बाद असंतुलित होकर सड़क के दूसरी ओर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
नैनीताल सूचना पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जवानों ने खाई में उतरकर अभियान चलाया और सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवेंद्र और पिंकी गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। अन्य तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों का उपचार चल रहा है। वाहन अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारणरहा, इसकी जांच की जा रही है और घायलों व प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।





















