देहरादून। उत्तराखंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री समेत मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
देहरादून मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को राष्ट्र के विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही विकास के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के संतुलित, समावेशी और सतत विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
देहरादून स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उधर, देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिला। परेड में शामिल होने के लिए जवानों ने कदमताल की, जबकि बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और आम नागरिक समारोह में पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का
माहौल बना रहा।





















