देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार को एक बार फिर भूस्खलन के चलते यातायात प्रभावित हो गया। तड़के करीब पांच बजे पानी वाले बैंड के समीप पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से सड़क का एक हिस्सा बह गया। इसके चलते देहरादून और मसूरी के बीच मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
मार्ग बंद होने से मसूरी जाने और वहां से देहरादून लौटने वाले पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क का हिस्सा बह जाने के कारण सामान्य यातायात के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची थी। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया।
करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से के पास पहाड़ी को काटकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया। जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से मलबा हटाने के साथ ही वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे रास्ता बनाया गया। फिलहाल इसी वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को एक-एक कर सुरक्षित तरीके से निकाला जा रहा है।
देहरादून। गलोगीधार में रातभर बंद रहा था मार्ग
इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भी भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने के कारण मार्ग बाधित हो गया था। लोक निर्माण विभाग की टीम ने कई घंटे तक अभियान चलाकर मलबा और पत्थर हटाए। करीब आठ घंटे की मेहनत के बाद रात लगभग दो बजे मार्ग को यातायात के लिए खोला जा सका था।
हालांकि, मार्ग खुलने के कुछ ही घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास हुए भूस्खलन ने फिर स्थिति बिगाड़ दी। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा गिरने और सड़क के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग बहाली का काम भी चुनौतीपूर्ण बना रहा।
देहरादून। वैकल्पिक मार्ग पर भी सतर्कता की अपील
मुख्य मार्ग प्रभावित होने के बाद कुछ वाहन मसूरी-किमाड़ी मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि यह सड़क कई स्थानों पर संकरी है, इसलिए प्रशासन की ओर से इस मार्ग पर सावधानीपूर्वक आवाजाही करने की अपील की गई है।
बारिश और भूस्खलन की लगातार घटनाओं को देखते हुए यात्रियों से मौसम तथा सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने का आग्रह किया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
देहरादून





















